
नई दिल्ली : सोशल मीडिया पर अपनी तीखी और व्यंग्यात्मक पोस्ट्स के जरिए तेजी से लोकप्रिय हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को बड़ा झटका लगा है। इस सैटायरिकल राजनीतिक संगठन के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इंस्टाग्राम पर BJP से आगे निकला था पेज
बीते कुछ समय में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स जुटाए थे। खासतौर पर इंस्टाग्राम पर इस पेज की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और इसके फॉलोअर्स 13 मिलियन यानी 1.3 करोड़ से अधिक पहुंच गए।
दिलचस्प बात यह रही कि फॉलोअर्स के मामले में इस व्यंग्यात्मक अकाउंट ने Bharatiya Janata Party को भी पीछे छोड़ दिया था। इसी लोकप्रियता के बीच एक्स अकाउंट पर प्रतिबंध लगाए जाने से सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
संस्थापक अभिजीत दिपके ने कसा तंज
इस कार्रवाई की पुष्टि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक Abhijeet Dipke ने खुद सोशल मीडिया पर की। उन्होंने एक स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा, “जैसा कि पहले से उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट आखिरकार भारत में रोक दिया गया है।”
उनकी इस पोस्ट के बाद समर्थकों और यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं।
कानूनी मांग के बाद लिया गया एक्शन
फिलहाल एक्स पर @CJP_2029 हैंडल सर्च करने पर ‘Account Withheld’ का संदेश दिखाई दे रहा है। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि यह कार्रवाई एक आधिकारिक कानूनी मांग (Legal Demand) के जवाब में की गई है।
बताया जा रहा है कि फिलहाल इस अकाउंट पर प्रतिबंध केवल भारत में लागू किया गया है, जबकि अन्य देशों में इसकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





