
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सुविधाओं के विस्तार एवं रेल संचालन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा गोरखपुर कैन्ट-वाल्मीकिनगर दोहरीकरण परियोजना के तहत महत्वपूर्ण कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी क्रम में 21 मई 2026 को उनौला-पिपराईच स्टेशनों के मध्य कट कनेक्शन सहित रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर पूर्व सर्किल श्री प्रणजीव सक्सेना द्वारा किया जाएगा। यह निरीक्षण किमी संख्या 376/13 से 379/3 तक कुल 2.597 किलोमीटर रेलखंड पर किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था एवं अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन परीक्षण किया जाएगा, ताकि रेल संचालन को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जा सके।संरक्षा निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना स्पेशल ट्रेन के माध्यम से पिपराईच-उनौला रेलखंड पर अधिकतम गति से स्पीड ट्रायल भी करेंगे। इस ट्रायल के जरिए नए ट्रैक एवं दोहरीकरण कार्य की गुणवत्ता, स्थिरता और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने पिपराईच एवं उनौला क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने अनुरोध किया है कि निरीक्षण एवं स्पीड ट्रायल के दौरान कोई भी व्यक्ति रेलपथ के निकट न जाए और न ही अपने पशुओं को ट्रैक पर जाने दे, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना की आशंका हो सकती है।
यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।




