
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेल खंड के उनौला-पिपराइच स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 19 मई से 08 जून 2026 तक कई ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित एवं पुनर्निर्धारित किया गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण एवं परिचालनिक सुगमता के लिए की जा रही है। 08 जून को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण भी किया जाएगा।
इस अवधि में नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट, थावे-नकहा जंगल समेत कई सवारी गाड़ियां निरस्त रहेंगी। इसके अलावा लालकुंआ-कोलकाता, दिल्ली-मोतिहारी, गांधीधाम-भागलपुर, उधना-जयनगर, पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार सहित अनेक विशेष ट्रेनों को भी अलग-अलग तिथियों में निरस्त किया गया है। रेलवे ने कई मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है।
राधिकापुर-आनंद विहार, कटिहार-दिल्ली, गोरखपुर-कोलकाता, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार, देहरादून-मुजफ्फरपुर, बांद्रा टर्मिनस-बरौनी,प्रयागराज-मुजफ्फरपुर समेत अनेक ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। मार्ग परिवर्तन के कारण कई प्रमुख स्टेशनों जैसे नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी, कप्तानगंज, बगहा आदि पर इन ट्रेनों का ठहराव नहीं रहेगा। कुछ ट्रेनों को नियंत्रित एवं पुनर्निर्धारित कर भी चलाया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर यात्रा करने की अपील की है।





