
-लखनऊ में चोरों का आतंक, ठाकुरगंज के वसंत कुंज में 15 लाख की चोरी से मचा हड़कंप
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। वसंत कुंज स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी सेक्टर-6/30, सेक्टर-I में चोरी की बड़ी वारदात सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक हरिश्चंद्र नामक व्यक्ति के घर चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 15 लाख रुपये के गहनों और लगभग 70 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब परिवार के सभी सदस्य गोंडा में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
सूना घर देखकर चोरों ने मौका पाकर घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी में रखे कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त न के बराबर दिखाई देती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आए दिन हो रही चोरियों से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।





