
- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर की सुरक्षा में तैनात एक कांस्टेबल को शादी का झांसा देकर महिला के साथ कथित दुष्कर्म और गर्भपात के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार (5 मई) को इसकी पुष्टि की।
मिर्जापुर निवासी आरोपी प्रशांत राय को पीड़िता की शिकायत के आधार पर सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वह गाजीपुर जिले में तैनात कांस्टेबल है और पिछले दो वर्षों से मंत्री की एस्कॉर्ट ड्यूटी में लगा हुआ था।
सारनाथ थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता, जो सारनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने आरोप लगाया है कि आरोपी पिछले चार वर्षों से उसका यौन शोषण कर रहा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी बेनीपुर इलाके में किराए के कमरे में रहता था, जहां उसने महिला को शादी का झांसा देकर संबंध बनाए।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता दो साल पहले आरोपी के साथ रहने लगी थी। इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, और दोनों बार आरोपी ने कथित तौर पर उसे गर्भपात के लिए मजबूर किया। मामला तब उजागर हुआ जब महिला को पता चला कि आरोपी ने इस साल अप्रैल में किसी दूसरी महिला से शादी कर ली है, जबकि वह उससे लंबे समय से विवाह का वादा करता आ रहा था।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




