बंगाल में BJP सरकार गठन तेज, टैगोर जयंती से पहले शपथ संभव

- रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बड़ी जीत के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई से पहले आयोजित किया जा सकता है। 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती होने के कारण इस तारीख को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार गठन की रणनीति तय करने के लिए BJP के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में शुभेंदु अधिकारी, समिक भट्टाचार्य, भूपेंद्र यादव, सुनील बंसल, बिप्लब देब और अमित मालवीय शामिल हो सकते हैं। ये सभी नेता अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मिलकर मंत्रिमंडल गठन और आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि यह बैठक आज देर रात या कल आयोजित हो सकती है।
सूत्रों का कहना है कि बंगाल की संस्कृति और परंपरा को ध्यान में रखते हुए शपथ ग्रहण समारोह की तिथि और समय तय किया जा रहा है। 9 मई, जो टैगोर जयंती का दिन है, नई सरकार के गठन के लिए प्रतीकात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





