
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में लटकते बिजली के तारों की समस्या प्रमुख रूप से उठी, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए ऐसी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समस्या को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण नियमों के अनुसार तेजी से किया जाए। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल से जुड़े मामलों, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं से जुड़े आवेदन किसी भी स्थिति में लंबित न रहें और उन्हें समय से स्वीकृत एवं निस्तारित किया जाए। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, निवेश और निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में अधिशासी अभियंता विद्युत, रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया अध्यक्ष देव भट्टाचार्य, डी.एस. मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।





