
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। थाना मिर्जामुराद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने मु0अ0सं0 0120/2026, धारा 85/108/64(2)(k)/3(5) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त हरिशंकर तिवारी पुत्र स्व. दयानाथ तिवारी, निवासी ग्राम भोजूपुर (रूपापुर), थाना मिर्जामुराद, जनपद वाराणसी, उम्र लगभग 65 वर्ष को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला एक गंभीर दहेज उत्पीड़न और हत्या से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। वादिनी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार उनकी ननद नीतू तिवारी (उम्र लगभग 35 वर्ष) का विवाह वर्ष 2011 में धनन्जय तिवारी पुत्र हरिशंकर तिवारी से हुआ था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के कई सदस्य—पति धनन्जय तिवारी, ससुर हरिशंकर तिवारी, सास इसरावती देवी, जेठ दिलीप तिवारी, देवर धर्मेन्द्र तिवारी एवं देवरानी बबली तिवारी—द्वारा महिला को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
आरोप यह भी है कि 24.04.2026 को पीड़िता ने फोन पर अपनी जान को खतरा बताया था, जिसके बाद बाद में सूचना मिली कि उसे ससुराल पक्ष द्वारा जहर देकर मार दिया गया। तहरीर के आधार पर थाना मिर्जामुराद में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने नामजद अभियुक्त हरिशंकर तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




