
शाहजहांपुर: चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज चौकी इलाके में एक महीने के भीतर हुई तीन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार वारदातों के बावजूद अब तक किसी भी मामले का खुलासा न होना पुलिस की सुस्ती को उजागर कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक 4 अप्रैल को अजीजगंज में एक ट्रांसपोर्ट के बाहर खड़े विनोद कुमार के ई-रिक्शा से चोर बैटरियां चोरी कर ले गए थे। घटना को बीस दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं जुटा सकी है।
इसके अलावा आनंद विहार कॉलोनी में ई-रिक्शा चालक सुनील शुक्ला और किराये के मकान में रह रहे अरुण कुमार के घर से भी लाखों रुपये की चोरी हुई। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की ढीली कार्यशैली से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। फिलहाल अजीजगंज क्षेत्र के निवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।




