
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी के पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत गोमती जोन में नवागत पुलिस उपायुक्त डीसीपी नीतू कादयान ने 15 अप्रैल 2026 को कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जोन के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण, गश्त व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिया कि थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील, शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित हो।
डीसीपी नीतू कादयान ने आधुनिक पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने पर बल देते हुए ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से समयबद्ध सीआईडी जनरेट करने, यक्ष ऐप पर नियमित फीडिंग करने और डिजिटल रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट व्यवस्था को और अधिक सक्रिय बनाने तथा बीट आरक्षियों द्वारा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर दिया। इसके अलावा न्यायालय से जारी समन, वारंट और नोटिसों की शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित करने, ई-सम्मन पोर्टल की नियमित जांच करने तथा हर घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
थानों में बाहरी हस्तक्षेप पर पूर्ण रोक लगाने और पारदर्शी पुलिसिंग को मजबूत करने की बात भी कही गई। और गो-तस्करी, अवैध शराब, जुआ जैसी आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त और निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर लंबित प्रशिक्षण जल्द पूरा करने और अधिकारियों-कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने पर बल दिया।
अंत में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनसामान्य में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।





