
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गंगा नदी में एक युवक द्वारा छलांग लगाने की घटना ने कुछ देर के लिए सनसनी फैला दी, लेकिन मौके पर मौजूद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की सतर्कता और तेज कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी। घटना 9 अप्रैल की है, जब राजघाट ब्रिज के पास गंगा नदी में जल गश्त के दौरान एक युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। उस समय गश्त पर तैनात एनडीआरएफ टीम ने बिना एक पल गंवाए स्थिति को भांप लिया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
एनडीआरएफ के प्रशिक्षित रेस्क्यूअर्स ने गहरे पानी में छलांग लगाकर युवक तक पहुंच बनाई और टीम वर्क के जरिए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान युवक की हालत गंभीर थी और वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था। रेस्क्यूअर्स ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिसमें पानी निकालना और सीपीआर जैसे जीवन रक्षक उपाय शामिल थे। लगातार प्रयासों के बाद युवक की स्थिति में सुधार आया, जिसके बाद उसे सुरक्षित घाट किनारे लाकर निगरानी में रखा गया।यह पूरी कार्रवाई उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित नियमित जल गश्त का हिस्सा थी, जो गंगा में लगातार जारी रहती है।





