
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में विभिन्न रेलखंडों पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को छपरा, सिवान, थावे, जलालपुर, मशरख और छपरा कचहरी स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–थावे–मशरख रेलखंड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान गाड़ी संख्या 75103 छपरा–थावे डेमू, 75105 थावे–नकहा जंगल डेमू, 55036 गोरखपुर–सिवान सवारी गाड़ी और 55109 थावे–मशरख–छपरा कचहरी सवारी गाड़ी सहित कई ट्रेनों में किलाबंदी कर सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान मुख्य वाणिज्य निरीक्षक थावे श्री विशाल कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर, राजेश सिंह, राजीव कुमार, अमित कुमार, सुधाकर मिश्रा, प्रकाश कुमार, श्रीमती प्रतिमा कुमारी, ममता कुमारी सहित कुल 8 टिकट जांच कर्मियों और एक रेलवे सुरक्षा बल जवान की टीम ने मिलकर कार्रवाई की। जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 103 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से रेलवे राजस्व के रूप में कुल 27,850 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस सघन जांच अभियान के चलते संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग करें।




