
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा लहरतारा स्थित रेलवे मिनी स्टेडियम में आयोजित ग्रीष्मकालीन अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच का टॉस मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष द्वारा कराया गया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद मैच की पहली गेंद पर बल्लेबाजी कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पॉल, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक पशुपतिनाथ मिश्रा सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
उद्घाटन मुकाबला सिगनल एवं वाणिज्य विभाग के बीच खेला गया, जिसमें सिगनल विभाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। वाणिज्य विभाग की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से विनय ने 55 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से शानदार 90 रन बनाए। लक्ष्मण यादव ने 32 गेंदों पर 59 रन तथा अमित राज ने 16 गेंदों पर 17 रन का योगदान दिया।
सिगनल विभाग की ओर से लवकुश ने 3 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि धर्मेंद्र और सागर को एक-एक सफलता मिली। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिगनल विभाग की टीम मात्र 10.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से लवकुश ने 31 रन और संदीप ने 23 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके।
वाणिज्य विभाग की ओर से संतोष ने 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके, दीपक यादव ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि अमित राज और जीशान को एक-एक विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए वाणिज्य विभाग के विनय को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी राकेश गुप्ता द्वारा प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला सायंकाल विद्युत टीआरडी एवं विद्युत (ऑपरेशन) विभागों के बीच खेला जाएगा।





