
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। शिक्षा को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी, विकास क्षेत्र काशी विद्यापीठ में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) हेमंत राव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय के बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। रैली के माध्यम से बच्चों ने शिक्षा के महत्व का संदेश समाज तक पहुंचाया।
अपने संबोधन में हेमंत राव ने कहा कि “कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रह जाए, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहे।
स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Dettol इंडिया के जिला लीड रविंद्र कुमार ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी और उन्हें प्रमाण पत्र व पुरस्कार भी प्रदान किए। इस पहल से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और उसकी रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी काशी विद्यापीठ स्कन्द गुप्त, पार्षद रविंद्र कुमार, एआरपी पुरंदर कुमार पांडेय, संजय गुप्ता, बिंदिया जायसवाल, अभिषेक तिवारी एवं कीर्ति श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अलावा राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सरिता राय समेत अन्य शिक्षक-शिक्षामित्रों—राजेश त्रिपाठी, विभा यादव, रजनी, वीणा श्रीवास्तव, मीना यादव, निशा सिंह, दीपक गुप्ता, सविता देवी और सविता कुमारी—ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन मीनू शुक्ला ने किया, जबकि अंत में खंड शिक्षा अधिकारी स्कन्द गुप्त ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।


