
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
लखनऊ: टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण और भावनात्मक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में शनिवार, 4 अप्रैल 2026 को 50 सैया युक्त एम.सी.एच. विंग, महात्मा गांधी चिनहट अस्पताल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सरस्वती डेंटल कॉलेज के सौजन्य से टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अस्पताल की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजू मिश्रा ने बताया कि इन पोषण पोटलियों में उच्च प्रोटीन युक्त सामग्री शामिल की गई है, जो उपचार के दौरान मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि टीबी के इलाज में दवाइयों के साथ उचित पोषण भी बेहद आवश्यक है।

इस अवसर पर टीबी विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिसमें पीयूष कुमार सिंह (STLS), उदय शंकर मिश्रा (STS), कृष्ण कुमार यादव (TBHV) एवं राकेश कुमार पाण्डेय (LT) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से मरीजों को न केवल पोषण सहायता मिली, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।




