
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज के थाना झूंसी क्षेत्र में “मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 द्वितीय चरण” के अंतर्गत पुलिस टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को पम्पलेट वितरित कर उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड व महिला बीट अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों और रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर छात्राओं व महिलाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया।
उन्हें गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया, साथ ही वूमेन पावर लाइन 1090, यूपी-112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108 और साइबर क्राइम 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्हें आत्मरक्षा के टिप्स और मिशन शक्ति केंद्र व एंटी रोमियो स्क्वाड की कार्यप्रणाली के बारे में भी विस्तार से बताया गया।




