- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मीरजापुर हलिया थाना क्षेत्र के हलिया–लालगंज मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार होमगार्ड हिमांशु सिंह (38 वर्ष, टोकवा गांव, नौगवां ग्राम पंचायत, ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमांशु सिंह बाइक से बरी गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सरदार पटेल की प्रतिमा के पास पहुंचे, अज्ञात ट्रैक्टर के धक्के से सड़क पर गिरकर गंभीर चोटें आई।
स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें घायलावस्था में देखा और एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया भेजा। प्राथमिक उपचार के दौरान डा॰ विमल कुमार और डा॰ रीना सिंह ने सिर में आई गंभीर चोट को देखते हुए होमगार्ड हिमांशु सिंह को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। हिमांशु सिंह वर्तमान में हलिया थाने में कार्यरत हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





