
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर हनुमान जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार की शाम नगर में बजरंग दल द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें नगरवासियों का उमड़ता जनसैलाब देखने को मिला। शोभायात्रा हनुमान गढ़ी सरकार लक्ष्मी नारायण वाटिका से बजरंग दल के नगर संयोजक हर्ष अग्रहरी के नेतृत्व में प्रारंभ हुई। यात्रा कोतवाली मार्ग, कोतवाली चौक, रामलीला भवन, चूड़ी मोहल्ला, घासमंडी चौक, सर्राफा गली, डाकखाना तिराहा, जेसीज चौक, रोडवेज और तहसील गेट मार्ग से होते हुए योगीनाथ तिराहा पर समाप्त हुई। मार्ग के दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “जय हनुमान” और “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
यात्रा में नर-नारी, बुजुर्ग-युवा सभी का उत्साह देखते ही बन रहा था। मार्ग पर कई स्थानों पर जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई थी। भजन और कीर्तन पूरे मार्ग भर चलता रहा। हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी। यात्रा में धर्मध्वज और घोड़े भी शामिल थे, वहीं डीजे की धुन पर भक्त झूमते-नाचते नजर आए। नगर संयोजक हर्ष अग्रहरी ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवाद की भावना को प्रबल करते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह मय पुलिस फोर्स मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिन्दू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पुरातन छात्र परिषद, एवं अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक धार्मिक संस्थाओं का भी अभूतपूर्व सहयोग रहा। इस दौरान जिला सह संयोजक एवं भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के क्षेमेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद, प्रदेश महासचिव भारतीय वैश्य चेतन महासभा विजय अग्रहरी, विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री सुनील कुमार मौर्य, प्रांत मिलन प्रमुख आशुतोष सिंह (बच्चा भईया), जिला संयोजक गणेश मोदनवाल, जिला सह संयोजक शिवम अग्रहरी, जिला सुरक्षा प्रमुख राहुल बाबा, नगर अध्यक्ष अजय सेठ, नगर मंत्री काशी नाथ, तथा बजरंग दल के तमाम कार्यकर्ता और हनुमान भक्त शामिल रहे।





