
- रिपोर्ट: पंकज झा
प्रयागराज प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत रबी (2025-26) की गेहूं फसल की उत्पादकता और उत्पादन आंकलन के लिए आयोजित क्राप कटिंग प्रयोगों का निरीक्षण जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को तहसील व ब्लॉक सोरांव के ग्राम बलकरनपुर में किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गेहूं फसल के 10 मीटर समबाहु त्रिभुज में संपादित प्रयोग से ग्राम पंचायत बलकरनपुर की उत्पादकता 38.09 कुंतल आंकी। उन्होंने किसान से कुल भूमि क्षेत्रफल, बोई गई फसल की जानकारी, पिछली फसल की पैदावार और गेहूं के बाजार मूल्य के बारे में जानकारी प्राप्त की जिलाधिकारी ने क्राप कटिंग के कार्य में तेजी लाने और शत-प्रतिशत क्राप कटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एग्री एप के माध्यम से तहसील सोरांव और हंडिया में गेहूं क्राप कटिंग की प्रगति की समीक्षा की और पाया कि यह प्रगति अपेक्षित लक्ष्य से कम है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से नियमित समीक्षा कर कार्य को तेजी से पूरा कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से गांव की समस्याओं और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की जानकारी भी ली।
उन्होंने उपजिलाधिकारी को कानूनगो और लेखपाल की टीम बनाकर अवैध कब्जों को मुक्त कराने और अन्य समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कृषक मिथिलेश कुमारी, अजय द्विवेदी, उपजिलाधिकारी सोरांव ज्ञानेंद्र नाथ, अपर सांख्यिकीय अधिकारी हिना, जिला समन्वयक फसल बीमा रण विजय, मनीष पाण्डेय, शशिकांत, SMS सत्य प्रकाश यादव, ADO पंचायत सुरेंद्र प्रसाद यादव, ग्राम प्रधान रीता साहू, राजस्व निरीक्षक ज्ञान प्रकाश व लेखपाल अवनीश पांण्डेय, मो० वारिस सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





