
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर वे बरेका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय विक्रमादित्य महानाट्य मंचन का शुभारंभ करेंगे। उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5:15 बजे गुवाहाटी से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां उनका आगमन शाम 5:40 बजे होने का अनुमान है।
शाम 7 बजे से वे बरेका मैदान में आयोजित महानाट्य मंचन कार्यक्रम में लगभग डेढ़ घंटे तक उपस्थित रहेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव दोपहर करीब 3:30 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शनिवार सुबह वे वाराणसी के प्रमुख धार्मिक स्थलों कालभैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन करेंगे।





