
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी (समाचार टूडे)। कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन और काशी जोन के अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीम ने आरोपी मनोज कुमार पाठक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर एक महिला को ब्लैकमेल करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप थे। पूछताछ के दौरान आरोपी पीड़िता को देखकर उग्र हो गया और मारपीट करने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
स्थिति को बिगड़ता देख और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के चलते पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना चेतगंज पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिसमें प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।






