
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: गोरखपुर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंड़िहार-भटनी रेल खंड पर स्थित मऊ जंक्शन अब नई आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत ₹52.65 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, जयपुर, अमृतसर, रांची समेत कई प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है।
मऊ जंक्शन से प्रतिदिन 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी ट्रेनें संचालित होती हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और आगामी 50 वर्षों की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से किया जा रहा है।
पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रवेश और निकास द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, महिला, पुरुष और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाजनक शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण और विस्तार किया जा रहा है। 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) बन रहा है, जिसमें 2 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर भी लगाए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर 5,500 वर्ग मीटर में ग्रेनाइट बिछाने का काम प्रगति पर है, और यात्रियों को धूप और वर्षा से बचाने के लिए 32-वे पी.पी. शेल्टर बनाए जा रहे हैं।

स्टेशन के आस-पास सड़क, पार्किंग, पाथ-वे, ड्रेनेज और बाउंड्री वॉल का कार्य भी पूरा हो चुका है। आकर्षक फसाड लाइटिंग और सुसज्जित प्रतीक्षालय यात्रियों को सुखद अनुभव प्रदान करेंगे। सभी निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर मऊ जंक्शन न केवल दिखने में आकर्षक होगा, बल्कि मऊ-शाहगंज, इन्दारा-फेफना और भटनी-औंड़िहार खंडों के दोहरीकरण के बाद बढ़ते ट्रेनों के संचालन की चुनौतियों से भी आसानी से निपटा जा सकेगा। यह स्टेशन यात्रियों को उन्नत सुविधाएँ देने के साथ मऊ शहर के आर्थिक विकास में भी योगदान देगा।





