
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल ने यात्रियों और अंतिम मील परिवहन सेवाओं के लिए एक अभिनव पहल के तहत बनारस (BNRS) रेलवे स्टेशन पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किया है। यह वाराणसी मंडल की पहली ऐसी पहल है, जो नवाचार और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देती है। यह सुविधा ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के लिए डिज़ाइन की गई है, जिसमें डिस्चार्ज बैटरी को लगभग दो मिनट में पूरी तरह चार्ज बैटरी से बदला जा सकता है। इससे चार्जिंग समय की बचत होगी, स्थानीय परिवहन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और ई-वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। स्टेशन का निर्माण सर्कुलेटिंग एरिया में सुविचारित रूप से किया गया है ताकि यात्री आवाजाही में कोई बाधा न आए। यह पहल न केवल यात्री सुविधा बढ़ाएगी बल्कि रेलवे के लिए गैर-भाड़ा राजस्व उत्पन्न करने का भी माध्यम बनेगी।

बैटरी स्वैपिंग सेवा बैटरी स्मार्ट नेटवर्क के तहत संचालित होगी, जो सदस्यता/सब्सक्रिप्शन मॉडल पर कार्य करता है। आईआईटी-कानपुर के स्नातकों द्वारा स्थापित यह नेटवर्क भारत के कई शहरों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए स्वैपिंग स्टेशन प्रदान करता है। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल की यह पहल हरित ऊर्जा, सतत अवसंरचना और बेहतर यात्री सेवाओं के दृष्टिकोण के अनुरूप है और भविष्य में ई-वाहन उपयोग को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।





