
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: बलिया थाना चितबड़ागांव पुलिस ने झपट्टामारी और जानलेवा हमले की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए टप्स, टूटी सिकड़ी (चेन) और घटना में इस्तेमाल किए गए ब्लेड भी बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 को सब्जी मंडी गेट के पास चाय-नमकीन का ठेला लगाने वाली महिला से पैसों के विवाद में आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके कान के सोने के टप्स और गले की सिकड़ी झपट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने ब्लेड से हमला कर महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 27 मार्च को मुखबिर की सूचना पर सर्वजीत कनौजिया (19 वर्ष) और नीरज कुमार राय (24 वर्ष) को सुजायत सहाड़ी हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 टप्स, 1 टूटी सिकड़ी और 2 ब्लेड बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।





