
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: कोतवाली थाना क्षेत्र के श्याम बाजार में गुरुवार देर रात कार पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। बैंक के गार्ड गोरखनाथ यादव के बेटे मोनू ने गुस्से में राइफल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे सिकरौल निवासी अतुल कुमार मौर्य और एक अन्य युवक के बीच कार खड़ी करने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान मोनू ने राइफल निकाल ली और फायरिंग कर दी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अतुल किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले और उन्हें गोली नहीं लगी। फायरिंग के बाद आरोपी मोनू बैंक के अंदर घुस गया और शटर बंद कर खुद को भीतर कैद कर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इस तरह की घटनाओं ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





