
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचगंगा घाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां गंगा में स्नान के दौरान एक युवक डूब गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बिहार के रोहतास निवासी श्याम कुमार अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आए थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। साथियों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। गोताखोरों की मदद से गंगा में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल इस घटना के बाद एक बार फिर घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले स्थानों पर पर्याप्त चेतावनी और निगरानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही उतरें।



