
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: गोरखपुर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने 04074/04073 नई दिल्ली–कटिहार–नई दिल्ली विशेष ट्रेन के संचालन की घोषणा की है, जिससे पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
यह विशेष गाड़ी नई दिल्ली से 27 मार्च 2026 को दोपहर 13:45 बजे रवाना होगी और टुंडला, गोविंदपुरी होते हुए दूसरे दिन प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी जंक्शन, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए शाम 19:30 बजे कटिहार पहुंचेगी।
वापसी में 04073 कटिहार–नई दिल्ली विशेष ट्रेन 28 मार्च 2026 को रात 21:30 बजे कटिहार से प्रस्थान करेगी और उन्हीं प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए तीसरे दिन सुबह 04:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 08 शयनयान (स्लीपर), 06 साधारण द्वितीय श्रेणी, 02 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (AC-3) तथा 02 एसएलआर कोच शामिल होंगे।
पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ रेलवे के इस निर्णय से वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, बलिया समेत पूर्वांचल के हजारों यात्रियों को दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा में सहूलियत मिलेगी। त्योहारों और भीड़भाड़ के समय यह ट्रेन यात्रियों के लिए एक बड़ा सहारा साबित होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय-सारणी की जानकारी प्राप्त कर लें और सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ उठाएं।





