
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: गोरखपुर पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा गोरखपुर–छपरा रेलखंड पर मैरवा और बनकटा स्टेशनों के बीच समपार संख्या 101 पर लिमिटेड हाइट सब-वे निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इस कार्य के अंतर्गत गर्डर लॉन्चिंग एवं डी-लॉन्चिंग की प्रक्रिया के कारण कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जबकि कई गाड़ियां नियंत्रित गति से चलाई जाएंगी।
रेलवे के अनुसार, 30 मार्च 2026 को दरभंगा से चलने वाली 02569 दरभंगा–नई दिल्ली विशेष गाड़ी को परिवर्तित मार्ग सीवान–थावे–कप्तानगंज–गोरखपुर कैंट के रास्ते संचालित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न तिथियों पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा। इनमें 30 मार्च को 02563 बरौनी–नई दिल्ली विशेष गाड़ी 15 मिनट, 15034 लखनऊ जंक्शन–पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 35 मिनट तथा 55056 गोरखपुर–छपरा सवारी गाड़ी 30 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।
31 मार्च को 15532 अमृतसर–सहरसा एक्सप्रेस 5 मिनट और 15903 डिब्रूगढ़–चंडीगढ़ एक्सप्रेस 25 मिनट देरी से संचालित होगी। वहीं 3 अप्रैल को 15707 कटिहार–अमृतसर एक्सप्रेस, 14005 सीतामढ़ी–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस तथा 02564 नई दिल्ली–बरौनी विशेष गाड़ी क्रमशः 25, 20 और 25 मिनट नियंत्रित रहेंगी।
इसी क्रम में 4 अप्रैल को 14674 अमृतसर–जयनगर एक्सप्रेस 45 मिनट, 13020 काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस 35 मिनट, 02563 बरौनी–नई दिल्ली विशेष गाड़ी 20 मिनट तथा 15027 संबलपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस 15 मिनट विलंब से चलाई जाएगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके





