
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: गोरखपुर दक्षिण रेलवे के कोयम्बत्तूर नॉर्थ स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया है। इस बदलाव का असर लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ेगा, जिससे यात्रियों को पहले से जानकारी रखना जरूरी हो गया है।
रेलवे के अनुसार, 24 मार्च 2026 को पटना से चलने वाली 22670 पटना–एरणाकुलम एक्सप्रेस अब परिवर्तित मार्ग पोत्तनूर–इरुगूर–सुरतकल के रास्ते संचालित की जाएगी। इस बदलाव के कारण यह ट्रेन कोयम्बत्तूर स्टेशन पर नहीं रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का अतिरिक्त ठहराव पोत्तनूर स्टेशन पर दिया गया है।
इसी प्रकार, 29 मार्च 2026 को तिरुवनंतपुरम उत्तर (कोच्चुवेली) से चलने वाली 12512 तिरुवनंतपुरम उत्तर–गोरखपुर एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग इरुगूर–पोत्तनूर–सुरतकल के रास्ते चलाई जाएगी। यह ट्रेन भी कोयम्बत्तूर स्टेशन पर नहीं रुकेगी और इसका अतिरिक्त ठहराव पोत्तनूर स्टेशन पर किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेनों के रूट और ठहराव की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।





