- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: नगर निगम में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है।यह समिति उप सभापति नरसिंह दास की अध्यक्षता में कार्य करेगी और एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। समिति में सुरेश कुमार चौरसिया, अमरदेव यादव, हनुमान प्रसाद और मदन मोहन दुबे को शामिल किया गया है।
दरअसल 22 मार्च को हुई सदन बैठक में पार्षदों ने ‘वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन’ संस्था पर निर्धारित बजट से अधिक भुगतान और जमीनी स्तर पर खराब कार्य के आरोप लगाए थे। अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट पार्षदों ने जांच की मांग की थी।महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच पूरी होने तक संबंधित संस्था को किसी भी नए भुगतान पर रोक लगा दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की छवि और जनता के पैसे के दुरुपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





