
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मिर्जापुर ड्रमंण्डगंज क्षेत्र के इंद्रवार गांव के बेड़हवा जंगल के पास शनिवार दोपहर मड़हे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मड़हे के भीतर मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई। घटना के समय पशु पालक मड़हे से थोड़ी दूर पर बकरियों को चरा रहा था।इंद्रवार गांव निवासी पशुपालक बंधु वर्मा अपने घर से एक किलोमीटर दूर बेड़हवा जंगल के पास मड़हा बनाकर बकरियों को पालन करते हैं। दोपहर बाद अचानक मड़हे में आग की लपटे उठता देख पशुपालक बंधु वर्मा शोरगुल मचाते हुए मड़हे की ओर दौड़ा। शोरगुल सुनकर अगल बगल के ग्रामीण डिब्बा बाल्टी में पानी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़े लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। गड़बड़ा धाम मंदिर के पास मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने मड़हे की आग बुझाकर काबू पाया। लेकिन तब तक मड़हे में मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई। मड़हे के भीतर रखा खाद्य सामग्री बिस्तर चारपाई आदि जलकर राख हो गया।
सूचना पर पहुंचे एस आई मूलचंद वर्मा हेड कांस्टेबल संतोष यादव ने घटना की जांच पड़ताल की। पशुपालक बंधु वर्मा ने बताया कि दोपहर तीन बजे के करीब मड़हे में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।मड़हे के भीतर मौजूद बकरियों के नौ बच्चों की जलकर मौत हो गई। पीड़ित पशुपालक ने मुआवजे की मांग की है।





