
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बेला-पहाड़िया मार्ग पर रौनाखुर्द गांव के पास नाद नदी के पुल से एक कार अचानक करीब 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन कुछ ही देर में मिली जानकारी ने सभी को राहत दे दी कि चालक सुरक्षित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के पतरही निवासी अभिनंदन जायसवाल अपनी बुआ को चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी गांव छोड़कर वापस अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी कार (यूपी 65 सीडी 8071) रौनाखुर्द स्थित नाद नदी के पुल पर पहुंची, तभी अचानक सड़क पर एक बालक आ गया। बालक को बचाने के लिए चालक ने तत्काल कार को मोड़ दिया, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी।कार के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोग तुरंत दौड़ते हुए नीचे नदी की ओर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे चालक को बाहर निकाल लिया। हैरानी की बात यह रही कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद चालक अभिनंदन जायसवाल को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि कुछ पल के लिए सभी को लगा कि बड़ा अनहोनी हो गई है। बाद में जब चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया तो लोगों ने राहत की सांस ली।बताया जा रहा है कि अभिनंदन की शादी महज तीन दिन पहले ही हुई है और वह पारिवारिक कार्य से अपनी बुआ को छोड़ने गए थे। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय लोगों की मदद से कार को नदी से बाहर निकालने का प्रयास जारी था, जबकि इस चमत्कारिक बचाव की चर्चा पूरे इलाके में होती रही।



