
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के डाफी इलाके में एक बुजुर्ग विधवा महिला ने भूमाफियाओं द्वारा पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा तथा न्याय की गुहार लगाई है।
डाफी निवासिनी मंजू देवी, पत्नी स्वर्गीय ताड़कनाथ पाण्डेय, ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर स्थानीय दबंग व कथित भूमाफिया ज्योति प्रकाश मौर्य लगातार कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। पीड़िता के अनुसार उनके परिवार में केवल तीन पुत्रियाँ हैं और वे अपनी बेटियों के साथ डाफी मौजा में स्थित आराजी नंबर 170/174 की जमीन पर वर्षों से काबिज हैं।
पीड़िता का कहना है कि उक्त व्यक्ति अपने साथियों के साथ कई बार असलहों से लैस होकर उनकी बाउंड्रीवाल वाली जमीन पर पहुंच चुका है और वहां कब्जा करने का प्रयास किया है। इस दौरान उन्हें और उनके परिवार को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। आरोप है कि दबंग द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि वे लोग जमीन छोड़कर वहां से चले जाएं।मंजू देवी ने बताया कि कई बार आरोपी उनके घर के गेट पर आकर उनका नाम मिटाकर अपना नाम लिखने की कोशिश भी कर चुका है। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कई बार उन्हें, उनकी बेटियों और दामाद को भी जान से मारने की धमकी दी है।
पीड़िता ने बताया कि इस मामले में वह पहले भी उच्च अधिकारियों से शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोई ठोस राहत नहीं मिल पाई है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार दहशत में है और किसी भी समय कोई अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है।मंजू देवी ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि उनकी पुश्तैनी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके।




