
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी जनपद में अनफिट एवं बिना वैध परमिट संचालित स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 4 वाहन सीज किए गए तथा 7 वाहनों का चालान किया गया। सड़क पर सघन जांच के अतिरिक्त, प्रवर्तन दल द्वारा विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर स्कूल वाहनों की भौतिक सत्यापन प्रक्रिया भी की जाएगी, ताकि उनके फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच सुनिश्चित की जा सके। यह प्रवर्तन कार्रवाई सुधांशु रंजन, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) तथा अखिलेश पांडेय, यात्रीकर अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न की गई।
परिवहन विभाग इस प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से समस्त विद्यालय प्रबंधन से अनुरोध करता है कि वे सुनिश्चित करें कि उनके विद्यालयों के कोई भी वाहन बिना वैध फिटनेस एवं परमिट के संचालित न हों। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन पूर्ण हो, चालकों की नियमित नेत्र परीक्षण समय से कराया जाए तथा सभी निर्धारित सुरक्षा मानक जैसे खिड़कियों पर सेफ्टी ग्रिल/बार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी आदि अनिवार्य रूप से वाहन में स्थापित हों।
यदि कोई वाहन स्कूल वाहन सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जो विद्यालय प्रबंधन बार-बार नियमों का उल्लंघन करते हैं अथवा नोटिस एवं चालान जारी होने के बावजूद अपने वाहनों के अभिलेख अद्यतन नहीं करते हैं, उनके विरुद्ध प्राथमिकी (F.I.R.) दर्ज की जाएगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।




