- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा के मद्देनज़र परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक सुगमता से पहुंचाने और शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस, कमिश्नरेट वाराणसी ने 14 व 15 मार्च को विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रतिबंध-
यातायात पुलिस के अनुसार 14 व 15 मार्च को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक वाराणसी शहर से राजघाट पुल व पड़ाव चौराहा से सूजाबाद और राजघाट की ओर जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन-
इसी प्रकार आवश्यकतानुसार टेम्पो ट्रैवलर व अन्य चार पहिया बसों को अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर व मैदागिन चौराहा की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को लकड़ीमंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं 15 मार्च को आवश्यकता पड़ने पर विशेश्वरगंज तिराहा से सुबह 11 बजे के बाद चार पहिया वाहनों को मैदागिन चौराहा की तरफ जाने से रोका जा सकता है।
यातायात पुलिस ने बताया कि सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जा सकते हैं। पुलिस ने नगरवासियों से अपील की है कि परीक्षा समाप्ति तक जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन कर सहयोग करें।





