
- रिपोर्ट: विजय प्रताप गुप्ता
नानपारा। आज तहसील नानपारा क्षेत्र में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता का जायजा लेने के लिए एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी, पूर्ति निरीक्षक बलहा, नबाबगंज के साथ विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गैस गोदाम, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही आपूर्ति की स्थिति की जांच की गई।
एसडीएम ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट सख्त निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नानपारा क्षेत्र में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

इस दौरान एसडीएम ने एक नई पहल करते हुए एक व्हाट्सएप का ग्रुप बनाते हुए उस पर सभी पूर्ति निरीक्षक व सभी गैस एजेंसी के सेल्स ऑफिसर के नंबर सार्वजनिक किए हैं तथा कंट्रोल रूम का नंबर भी दिया, एसडीएम ने सभी से अपील करते हुए कहा है कि किसी को भी कोई समस्या हो तो वह इन नंबरों पर संपर्क करके बात कर सकता है तत्काल ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।

एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं। सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को गैस से संबंधित कोई अन्य समस्या है या कोई जानकारी लेनी है तो वह तहसील में पूर्ति निरीक्षक से अथवा संबंधित गैस एजेंसी के सेल्स ऑफिसर से वार्ता कर सकते हैं तथा टोल फ्री नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं।
तहसील प्रशासन नानपारा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कृपया अफवाहो पर ध्यान ना दें।




