- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर बदलापुर तहसील क्षेत्र के कुशहां गांव में एक युवक राजीव जैसवार की कथित मारपीट के बाद मौत हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पैसे के लेन-देन के विवाद में दो लोगों ने राजीव को बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, राजीव जैसवार रामनगर बाजार में एक व्यापारी के यहां ड्राइवर का काम करते थे। उन्होंने कुछ समय पहले आर्थिक तंगी के कारण अपने मालिक से कुछ रुपए उधार लिए थे। इसी लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि राजीव अपने साले के साथ रामनगर बाजार पहुंचे थे, जहां पहले से मौजूद दो लोगों ने उनसे अपने पैसे की मांग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि राजीव द्वारा विरोध करने पर दोनों लोगों ने मिलकर उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने पर भी आरोपियों ने धमकी दी।
गंभीर हालत में परिजनों ने राजीव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ दिनों के इलाज के बाद शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई।मृतक का शव उनके निवास स्थान बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के घनश्यामपुर कुशहां पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामला बढ़ता देख एसपी ग्रामीण अतिश कुमार सिंह, बदलापुर एसडीएम योगिता सिंह, सीओ सुनील कुमार और बदलापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



