
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। होली पर्व के अवसर पर परिवहन विभाग द्वारा स्लीपर बसों में बस बॉडी कोड एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व बी.एस. सिंह, उप परिवहन आयुक्त द्वारा किया गया। उनके साथ मनोज वर्मा, आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) वाराणसी, राघवेंद्र सिंह, आर.टी.ओ. (प्रशासन), सुधांशु रंजन, ए.आर.टी.ओ. (प्रवर्तन) तथा अखिलेश पांडेय, यात्रीकर अधिकारी उपस्थित रहे।अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी बस में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन न हो।
यात्री वाहनों से संबंधित वैध प्रपत्र जैसे फिटनेस, परमिट एवं कर (टैक्स) की जांच की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाई जाएं। यात्रियों से किराया अधिक वसूलने की शिकायतों के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। बसों में निर्धारित सीटों की संख्या, समुचित आपातकालीन निकास द्वार तथा अग्निरोधक उपकरणों की उपलब्धता की भी जांच की गई। अभियान के अंतर्गत बस मानकों के उल्लंघन एवं अपूर्ण प्रपत्र पाए जाने पर कुल 02 स्लीपर बसों को सीज किया गया तथा 20 वाहनों का चालान किया गया।
परिवहन विभाग ने होली के अवसर पर सभी वाहन चालकों एवं संचालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं तथा ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग से बचें। यात्रियों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अधिक किराया वसूले जाने या सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। सुरक्षित, संयमित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग ही उत्सव को सुखद और सुरक्षित बना सकती है। परिवहन विभाग द्वारा अवकाश अवधि के दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।




