
- रिपोर्ट: विजय प्रताप गुप्ता
बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत के दौरान 55 वर्षीय मेडिकल स्टोर संचालक राकेश चंद्र श्रीवास्तव उर्फ गोपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्हें नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में गुरुवार शाम पुलिस दुकान से थाने ले गई थी। परिजनों का आरोप है कि थाने में मारपीट के कारण उनकी हालत बिगड़ी और पुलिस ने समय पर सही जानकारी नहीं दी। परिवार का कहना है कि गोपाल को बेसुध अवस्था में लाया गया, जहां जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी पवन सिंह के अनुसार, मृतक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और तबीयत बिगड़ने पर परिजनों के साथ अस्पताल भेजा गया। परिजनों की तहरीर पर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ धारा 103/2 में मुकदमा दर्ज कर देहात कोतवाल दद्दन सिंह को जांच सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।




