
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार सुबह दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जमुनीपुर निवासी 25 वर्षीय शुभम शुक्ला पुत्र राजेश शुक्ला रविवार पूर्वान्ह लगभग 10 बजे गांव स्थित प्राइमरी स्कूल की ओर गया था।
आरोप है कि उसी दौरान बदमाशों ने मगरमऊ रोड पर उसे चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में युवक सड़क पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बरसठी थाना पुलिस भी पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। मृतक के पिता राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव निवासी सुरेंद्र सरोज की पत्नी उनके घर आई थी और बेटे को जान से मरवाने की धमकी दी थी।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।




