- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: जौनपुर बरसठी थाना बक्सा क्षेत्र के महमदपुर पट्टी हुलास प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार निषाद (पुत्र मिठाई लाल, निवासी खानपुर थाना बक्सा) पर कक्षा 4 की दो छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया। घटना लगभग सुबह 11 बजे की बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि दोनों छात्राओं ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही गुस्साए परिजन पचासों की संख्या में विद्यालय पहुंच गए और प्रधानाध्यापक का घेराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख किसी ने पीआरवी को सूचना दी।
मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव अपने हमराहियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है।





