
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बरेका खेल संघ के तत्वावधान में बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित 18वीं अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेल प्रेमियों को जबरदस्त रोमांच, ऊर्जा और उत्कृष्ट खेल कौशल देखने को मिला। देश के विभिन्न रेलवे जोनों/उत्पादन इकाइयों से आई हुई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को जोश एवं रोमांच से भर दिया है।
दिनांक 18.02.2026 को प्रातः कालीन सत्र में खेले गए मैचों में पुरुष वर्ग में बरेका ने दक्षिण मध्य रेलवे को 19-13 से, पूर्वोत्तर रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 28-10 से, उत्तर रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे को 24-21 से, पश्चिम रेलवे ने पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स को 10-07 से एवं महिला वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उत्तर रेलवे को 24-16 व दक्षिण मध्य रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे को 27-15 से हराया। सायं कालीन सत्र में दक्षिण मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड को 11-02 से, पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स ने रेलवे सुरक्षा बल को 22-21 से, उत्तर रेलवे ने बरेका को 22-19 से एवं पश्चिम रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 13-01 से हराया।
दिनांक 19.02.2026 को प्रातः कालीन सत्र में खेले गए मैचों में पुरुष वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे ने बरेका को 29-19 से, उत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड को 07-04 से, रेलवे सुरक्षा बल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 08-04 से हराया जबकि पूर्वोत्तर रेलवे और पश्चिम रेलवे के बीच खेल गया रोमांचक मैच 17-17 की बराबरी पर समाप्त हुआ। महिला वर्ग में खेले गए मैचों में पूर्वोत्तर रेलवे ने मध्य रेलवे को 22-18 से एवं उत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 19-14 से हराया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और सशक्त रक्षा कौशल का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है।।इस अवसर पर मैदान में उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन करते हुए वातावरण को जोश और ऊर्जा से भरपूर बनाए रखा।


