
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
लखनऊ। नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (UCHC), इंदिरा नगर, लखनऊ के कुशल निर्देशन में आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) जुगौली में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर में मुख्य रूप से टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.पी. आर्या, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना सिंह एवं दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. जय प्रकाश श्रीवास्तव ने उपस्थित रहकर मरीजों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीबी और कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), गोमती नगर की टीबी इकाई से वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक अरुण कुमार, वरिष्ठ टीबी लैब पर्यवेक्षक पीयूष कुमार सिंह और टीबी हेल्थ विजिटर सुधीर कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। टीम ने संभावित मरीजों की पहचान कर उनके सैंपल लिए और टीबी मुक्त अभियान के प्रति जागरूक किया।
शिविर के सफल संचालन में UPHC स्टाफ, ए.एन.एम. (ANM) और क्षेत्रीय आशा (ASHA) बहुओं ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे ने बताया कि विभाग द्वारा फरवरी माह में कुल 06 शिविरों का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सुग्गामऊ, जरहरा, खरगापुर और उजरियाँव जैसे क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं समय समय पर प्रदान की जाएंगी।




