
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने आज लखनऊ रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर निर्माणाधीन स्टेशन भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य की समयबद्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूर्ण किया जाए तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए।
लखनऊ स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत स्टेशन को आधुनिक वास्तुशिल्प, उन्नत आधारभूत संरचना तथा विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। ₹ 420.7 करोड़ की स्वीकृत लागत से संचालित इस परियोजना के तहत स्टेशन भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा इसकी संभावित पूर्णता तिथि 30.09.2026 है।
महाप्रबंधक ने यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्य चरणबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो, जिससे यात्रियों को भविष्य में सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना की गति बनाए रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद, विनीता श्रीवास्तव, चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर,लखनऊ, Rail Land Development Authority (RLDA), पावस यादव सहित लखनऊ मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




