
-बाँसुरी वादन में रवि प्रजापति को तृतीय स्थान, बरेका का नाम रोशन
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में दिनांक 2 एवं 3 फरवरी 2025 को आयोजित अंतर रेलवे सांस्कृतिक प्रतियोगिता (संगीत)–2025 में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के संगीत दल ने प्रभावशाली सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दल प्रबंधक सुशील त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में बरेका संगीत दल ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रोताओं एवं निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत सुगम वादन श्रेणी में बरेका के प्रतिभाशाली बाँसुरी वादक रवि प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त कर बरेका को गौरवान्वित किया।बरेका संगीत दल में सुशील त्रिपाठी, विष्णु मिश्रा, राघवेन्द्र कुमार नारायण, रवि प्रजापति,अंकित मिश्रा एवं अभिषेक सिंह ने सहभागिता की।संगतकार के रूप में आनंद कुमार मिश्रा (तबला) एवं शशांक उपाध्याय (हारमोनियम/सिंथेसाइज़र) ने अपनी उत्कृष्ट संगत से प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली बनाया।
बरेका संगीत दल की इस उपलब्धि से न केवल सांस्कृतिक क्षेत्र में संस्थान की सशक्त उपस्थिति उजागर हुई है, बल्कि रेल परिवार के भीतर छिपी कलात्मक प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है। बरेका महाप्रबंधक सोमेश कुमार द्वारा इस सराहनीय उपलब्धि पर संपूर्ण संगीत दल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गई हैं तथा भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की गई है।





