
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ। इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी की लखनऊ शाखा द्वारा गोद लिए गए टीबी (क्षय रोग) मरीजों को पोषण सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से टीबी हॉस्पिटल, ठाकुरगंज, लखनऊ में पुष्टाहार पोटली का वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उपचाररत मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया को सुदृढ़ करना रहा। उपस्थित समाजसेवियों एवं रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने मरीजों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा नियमित दवा सेवन और संतुलित आहार के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में अमरनाथ मिश्र, अनुराग मिश्र (अन्नू), जितेंद्र सिंह चौहान, ऋतुराज रस्तोगी, मजीद अली खान, मोहम्मद खालिद खान, आलोक अग्रवाल, मनोज तिवारी एवं मनीष शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रेडक्रॉस सोसायटी की लखनऊ शाखा द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के मानवीय सेवा कार्य किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए सहयोग निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।





