
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक ऐसी दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। दिल्ली पुलिस में SWAT कमांडो के पद पर तैनात 27 वर्षीय काजल की हत्या उसके ही पति अंकुर ने कर दी। वारदात के समय काजल चार महीने की गर्भवती थी। आरोपी पति अंकुर, रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है।
लव मैरिज का खौफनाक अंत
काजल और अंकुर की मुलाकात वर्ष 2022 में स्नातक की पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और परिवारों की सहमति से विवाह हुआ। शादी के समय काजल दिल्ली पुलिस में कमांडो और अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क थे। लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही परिस्थितियां बदल गईं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष ने गाड़ी और नकदी की मांगें शुरू कर दीं। काजल को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
“मैंने काजल को मार दिया है, आकर शव ले जाओ”
परिजनों ने बताया कि 22 जनवरी को अंकुर ने लोहे के डंबल से काजल के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने काजल के भाई को फोन कर कहा— “मैंने काजल को मार दिया है, आकर उसका शव ले जाओ।” इस हमले में काजल के साथ-साथ उसके गर्भ में पल रहे अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई।
बेटी की मेहनत और बहादुरी पर भारी पड़ा लालच
काजल के पिता राकेश ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम कर दिल्ली पुलिस में SWAT कमांडो बनने का सपना पूरा किया था। उन्होंने कहा कि काजल चार महीने की गर्भवती थी और पति के लालच ने मां और बच्चे दोनों की जान ले ली। मृतका की मां मीना देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल की मांगें पूरी करने के लिए उन्होंने अपने नाम पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज भी लिया था।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
काजल का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव बड़ी (गन्नौर) पहुंचा, जहां पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देश की सेवा करने वाली बहादुर बेटी की असमय मौत से हर आंख नम थी। काजल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों में दहेज लोभियों के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा गया।





