
बरेली। वर्ष 2009 से अदालत में गैरहाजिर चल रहे लूट के आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने 17 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोर्ट द्वारा वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
प्रेमनगर थाने में वर्ष 2009 में लूट का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा शेखान निवासी संतोष को आरोपी बनाया गया था। यह मामला लंबे समय से अदालत में विचाराधीन है, लेकिन आरोपी संतोष सुनवाई के दौरान लगातार गैरहाजिर रहा। इसके चलते अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था।
वारंटियों की तलाश के अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 17 वर्षों से अदालत में चल रहे मुकदमे से बचता आ रहा था, लेकिन अब उसे कानून के सामने पेश किया जाएगा।





