
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार “छात्र जोड़ो अभियान” के अंतर्गत कांग्रेस की राष्ट्रीय छात्र संगठन की बैठक कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एनएसयूआई अयोध्या के अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता ने की। इस दौरान छात्र संगठन की मजबूती, छात्र हितों की रक्षा, तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
पूर्वी जोन के अध्यक्ष ऋषभ पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूर्वी में छात्र जोड़ो अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा। हर कॉलेज, हर विश्वविद्यालय में एनएसयूआई की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ हम निरंतर संघर्ष करेंगे।उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से आती है।
छात्र जोड़ो अभियान के माध्यम से हम ज़मीनी स्तर पर संगठन को सशक्त करेंगे और युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ेंगे।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह, महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण रानू, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्रा, युवा जिला अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।





