
अयोध्या: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और प्रख्यात संत महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की तबीयत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ और सीने में जकड़न की शिकायत हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
अयोध्या के मणिराम दास छावनी स्थित उनके निवास पर डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों के अनुसार बढ़ती ठंड और गलन के कारण महंत जी को सांस संबंधी परेशानी और सीने में जकड़न महसूस हो रही थी। उनकी उम्र और पूर्व से चली आ रही स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए बिना देर किए उन्हें रेफर करने का निर्णय लिया गया।
महंत नृत्य गोपाल दास महाराज को एम्बुलेंस के जरिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर लखनऊ ले जाया जा रहा है। मेदांता अस्पताल के क्रिटिकल केयर विभाग को पहले ही सूचित कर दिया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
महंत जी के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही अयोध्या के संत समाज और देश-विदेश में फैले उनके करोड़ों अनुयायियों में चिंता की लहर दौड़ गई। हनुमानगढ़ी समेत विभिन्न मठों के संतों और राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उल्लेखनीय है कि 80 वर्ष से अधिक आयु होने के कारण महंत नृत्य गोपाल दास पहले भी नियमित जांच और इलाज के लिए मेदांता अस्पताल जाते रहे हैं।





